देहरादून, 14 जनवरी । राज्यपाल ने जोशीमठ भू-धंसाव पर कहा कि विपदा की इस घड़ी में पूरा देश और प्रदेश प्रभावित लोगों के साथ है। प्रत्येक प्रभावित की समस्या को सुनना है, और उसे हरसंभव समस्या का समाधान कर मदद सरकार की प्राथमिकता है।
शनिवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने चमोली जनपद के जोशीमठ में भू-धंसाव की स्थिति के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में आयुक्त गढ़वाल मण्डल सुशील कुमार, जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना और एसपी चमोली प्रमेन्द्र डोभाल मौजूद रहे।
राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावितों की मूलभूत जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाये। नागरिकों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है,उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत सभी इंतजाम किये जाने चाहिए। इसके साथ ही प्रभावितों का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी उनके साथ खड़ा रहना बेहद जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र के दृष्टिगत यह आपदा एक चुनौती है। राज्यपाल ने भू-धंसाव की समस्या के समाधान के लिए उठाए गए तात्कालिक एवं दीर्घकालिक कदमों की जानकारी भी ली।
इस दौरान सचिव राज्यपाल डॉ.रंजीत कुमार सिन्हा, जो सचिव आपदा प्रबंधन भी हैं। उन्होंने राज्यपाल को शासन स्तर से किये जा रहे प्रयासों और भू-धंसाव के कारण उत्पन्न हुई स्थिति विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्र के लोगों के रहने, खाने और उनके अस्थायी विस्थापन के साथ ही शासन की ओर से दी जा रही सहायता के बारे में बताया। इस दौरान अधिकारियों ने भू-धंसाव क्षेत्र में संचालित राहत व बचाव कार्यों,प्रभावितों की सुरक्षा व पुनर्वास के लिए उठाए जा रहे कदम को बताया गया।