गुजरात में आआपा की किसान-पशुपालक महापंचायत, केजरीवाल बोले- जनता भाजपा को सबक सिखाएगी | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

गुजरात में आआपा की किसान-पशुपालक महापंचायत, केजरीवाल बोले- जनता भाजपा को सबक सिखाएगी

Date : 23-Jul-2025

गुजरात के मोडासा में बुधवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) द्वारा विशाल किसान-पशुपालक महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल हुए।

महापंचायत में केजरीवाल ने भाजपा एवं कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पशुपालकों द्वारा दूध की कीमतें बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर कहा कि साबरकांठा और अरावली के पशुपालक जब अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन करने गए तो इन गरीब पशुपालकों पर लाठियां बरसाई गईं और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अगर किसान अपना हक मांग रहे थे, तो उनसे बैठकर बात करनी चाहिए या लाठी चलानी चाहिए, ये उनका अहंकार है। उनकी तरफ से किसान अशोक चौधरी को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाना चाहिए। अब कभी गोली चलेगी तो पहले केजरीवाल के सीने पर गोली चलेगी तब खेड़ूतों के सीने पर गोली चलेगी। केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि 1987 में कांग्रेस ने किसानों पर गोलियां चलवाईं और 10 किसान मारे गए। उसके बाद से आजतक कांग्रेस की सरकार नहीं आई है। अब भाजपा की भी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जनता भाजपा को सबक सिखाएगी और गुजरात में बदलाव लाएगी।

केजरीवाल ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी एक विकल्प है और हम गुजरात के लोगों के हक के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। अब हमें भाजपा और कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार से गुजरात को आजाद करवाना है। ये अमीरों की सरकार है। आम आदमी पार्टी गरीबों, किसानों, मजदूरों की सरकार है। हम आपको आपका हक दिलाने आए हैं।

कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने कहा कि पंजाब में 55,000 सरकारी नौकरी देकर आपके सामने खड़ा हूं। हर व्यक्ति को मुफ्त इलाज के लिए दस लाख का हेल्थ कार्ड दे रहे हैं। हर गांव में खेलों के लिए मैदान बना रहे हैं। जनता टैक्स देती है। हम उस टैक्स के पैसे को वापस जनता को मुफ्त बिजली, शानदार सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और आधारभूत संरचना बनाकर वापस लौटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब गुजरात के लोगों के पास झाड़ू का बटन आ गया है। इस झाड़ू से गुजरात के साथ पूरे देश की बदहाल व्यवस्था को साफ किया जाएगा।

वीसावदर के विधायक गोपाल इटालिया ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है, फिर भी किसानों और पशुपालकों को अपने हक के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। इससे बड़ी शर्म की बात कोई नहीं हो सकती।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी माह दो और तीन जुलाई को भी अरविंद केजरीवाल गुजरात के दौरे पर आए थे।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement