बिहार के पहले सिक्स लेन औंटा-सिमरिया ब्रिज का प्रधानमंत्री 22 अगस्त को करेंगे उद्धाटन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिहार के पहले सिक्स लेन औंटा-सिमरिया ब्रिज का प्रधानमंत्री 22 अगस्त को करेंगे उद्धाटन

Date : 21-Aug-2025

पटना, 21 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 अगस्त को बिहार के दौरे पर रहेंगे, जिसमें वे पटना, गया और बेगूसराय का भ्रमण करेंगे। इसी क्रम में वे बेगूसराय में गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एनटीपीसी से औंटा तक के मार्ग को 'रेड ज़ोन' घोषित किया गया है। ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। पटना-मोकामा से बेगूसराय आने वाले वाहन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है, जिसमें औंटा-हाथीदह-लखीसराय-मुंगेर-साहेबपुर कमाल-बेगूसराय वहीं, बेगूसराय से पटना जाने वाले वाहन के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है, जिसमें जीरोमाइल-तेघड़ा -बछवाड़ा-दलसिंहसराय-मुसरीघरारी-पटना है।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए पटना एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थलों के पांच किलोमीटर के दायरे को 'टेंपररी रेड ज़ोन' घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पारा मोटर, पारा ग्लाइडिंग, पावर हैंड ग्लाइडिंग आदि उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस मुख्यालय ने इस बाबत सख़्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पुल की क्या है खासियत, निर्माण पर खर्च हुए 1,871 करोड़

गंगा पर बना भव्य औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 अगस्त को करने वाले हैं। यह बिहार का पहला गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल है। पुल के निर्माण में लगभग 7 साल का वक्त लगा और 1,871 करोड़ रुपये खर्च हुए है।

खास बात यह है कि इस पुल का निर्माण कार्य नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में शुरू होकर पूरा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मुताबिक सिमरिया पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला अहम लिंक है। गंगा नदी पर बना यह आधुनिक पुल कुल 8.15 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 1.865 किलोमीटर मुख्य पुल और लगभग 6.285 किलोमीटर अप्रोच रोड शामिल है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मुताबिक पुल को एक्स्ट्रा-डोसेड तकनीक से तैयार किया गया है। यह न केवल मजबूत संरचना है बल्कि आधुनिक इंजीनियरिंग की मिसाल है।

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन द्वारा बुधवार को औंटा-सिमरिया सिक्स लेन केबल ब्रिज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि यह पुल पूर्वोत्तर राज्यों तक संपर्क को और मजबूत करेगा जिससे उद्योग एवं व्यापार को विशेष लाभ मिलेगा। नितिन नवीन ने कहा कि यह सिक्स लेन महासेतु मोकामा के औंट घाट और बेगूसराय के सिमरिया को जोड़ता है।

बेगूसराय के सांसद व केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बताया कि उनके लोकसभा क्षेत्र में नरेन्द्र मोदी ने नया एनटीपीसी, नया फर्टिलाइजर, नई रिफायनरी दिया। उसी क्रम में औंटा-सिमरिया पुल को बनवाया गया। बिहार में पहली बार सिक्स लेन पुल बना है और यह बेगूसराय में बना है। ये बिहार के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

उल्लेखनीय है कि सिमरिया पुल के निर्माण से पहले लोग राजेंद्र पुल के सहारे यात्रा करते थे। 66 साल पहले राजेंद्र पुल का निर्माण 1959 में हुआ था। 1950 में राजेंद्र पुल का निर्माण शुरू हुआ था और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने पुल का उद्घाटन किया था। गंगा नदी पर बना यह पुल दक्षिण बिहार के लोगों के लिए लाइफ लाइन की तरह थी। यह नया छह लेन का पुल पुराने दो लेन के रेल-कम-रोड पुल 'राजेंद्र सेतु' के समानांतर बनाया गया है। लगभग सात दशक पुराने राजेंद्र सेतु के मरम्मत का काम चल रहा है, जिस कारण भारी वाहनों की आवाजाही उस पर प्रतिबंधित है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement