सतीश गोलचा होंगे दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सतीश गोलचा होंगे दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त

Date : 21-Aug-2025

नई दिल्ली, 21 अगस्त । दिल्ली के जेल महानिदेशक सतीश गोलचा को दिल्ली का अगला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय से जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में डीजी (जेल) के रुप में कार्यरत 1992 बैच के अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिज़ोरम और केंद्र शासित प्रदेश कैडर के अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस का आयुक्त नियुक्त किया जाता है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने से आरंभ होगा। वे वर्तमान में अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे एसबीके सिंह का स्थान लेंगे।

सतीश गोलचा इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक का कार्यभार भी संभाल चुके हैं। दिल्ली पुलिस में भी उनका लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने डीसीपी, जॉइंट सीपी और स्पेशल सीपी जैसे कई अहम पदों पर कार्य किया है। विशेष रूप से वे स्पेशल सीपी (इंटेलिजेंस) रहे और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दंगों के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

संजय बेनिवाल के सेवानिवृत्त होने के बाद सतीश गोलचा को महानिदेशक (कारागार), दिल्ली नियुक्त किया गया था। वे दिल्ली की तिहाड़, रोहिणी और मंडोली जेल में सुधार के प्रयासों में लगे थे। सतीश गोलचा का पुलिसिंग और प्रशासन में तीन दशक से अधिक का व्यापक अनुभव माना जाता है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में हुई चूक के अगले ही दिन सतीश गोलचा की आयुक्त के तौर पर नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिल्ली पुलिस के आयुक्त रहे संजय अरोड़ा की सेवानिवृति के बाद से एसबीके सिंह कार्यकारी के तौर पर कार्यरत थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement