कानून पर सवाल उठाने वालों का डरना स्वभाविक, अपराधियों से भरी पड़ी है कांग्रेस : धर्मेंद्र प्रधान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कानून पर सवाल उठाने वालों का डरना स्वभाविक, अपराधियों से भरी पड़ी है कांग्रेस : धर्मेंद्र प्रधान

Date : 21-Aug-2025

अलीगढ़, 21 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर अलीगढ़ में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और उनके सहयोगी दलों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कानून पर सवाल उठाने वालों का डरना स्वभाविक है, क्योंकि उनकी पार्टियां अपराधियों से भरी पड़ी है।

उन्होंने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि कल्याण सिंह केवल एक व्यक्ति या नेता नहीं बल्कि एक विचार एवं अनुष्ठान थे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती, कलराज मिश्र, प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी तथा राजवीर सिंह ने कल्याण सिंह को याद करते हुए उन्हें राष्ट्रवाद और सुराज की प्रेरणा बताया।

प्रधान ने अपनाया विपक्ष पर हमलावर रुखधर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कल संसद में एक कानून ज्वॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी के आगे रखा गया। उस कानून में कहा गया कि देश के प्रधानमंत्री, किसी भी प्रदेश के मुख्यमंत्री व मंत्री अगर जेल जाते हैं तो उनको 30 दिन के अंदर गद्दी छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और अगले एक दशक तक वही प्रधानमंत्री रहेंगे। इसके बावजूद वह कानून लाए। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह को भी 1991 में रामभक्तों पर गोली चलाने से मना करने की कीमत चुकानी पड़ी थी। ये कोई अपराध नहीं था बल्कि एक राष्ट्र गौरव के काम को उन्होंने आगे बढ़ाया। मगर केन्द्र में कॉन्ग्रेस पार्टी की सरकार ने कल्याण सिंह की सरकार को बर्खास्त कर दिया था। मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी उन्होंने ऐसा किया। आज वह खुद प्रश्न उठा रही है कि क्यों उन्हें इस्तीफा देना पड़ेगा। प्रधान ने कहा कि कल कांग्रेस पार्टी के युवराज कह रहे थे कि मोदी जी मध्ययुगीन काला कानून लाना चाहते हैं। आपका डरना स्वभाविक है क्योंकि आपकी पार्टी में अपराधी हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या आपके सहयोगी अरविंद केजरीवाल उमा जैसे तिरंगा फहराने के लिए जेल गए थे? क्या केजरीवाल ने बाबूजी की तरह राष्ट्रवाद के लिए गद्दी छोड़ी थी? उन्होंने कहा कि नहीं, उन्हें तो भ्रष्टाचार में जेल जाना पड़ा था फिर भी उन्होंने गद्दी नहीं छोड़ी थी।

कार्यक्रम में उमा भारती ने कहा कि आज कल्याण सिंह की स्मृति में हम इकट्ठा हुए और अच्छी-अच्छी खबरें सुनने को मिलीं। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कहते हैं नाम में क्या रखा है, जिसका दिमाग ही गुलामी मानसिकता का हो वह क्या जानेगा कि नाम में क्या रखा है।

कल्याण सिंह के नेतृत्व में ही पहली बार प्रदेश में बनी भाजपा की सरकारउप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में पहली बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की फर्जी पीडिए का युग आने वाला नहीं है। अखिलेश यादव केवल बांटने का काम करना जानते हैं। उन्होंने कल्याण सिंह को भारत रत्न सम्मान दिए जाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जलालाबाद का नाम बदल कर परशुनाम हो गया है तो अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ करने में देर नहीं होगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि 2027 में भी भाजपा 2017 वाला निर्णय दोहराने जा रही है।

पूरे देश में बड़ी श्रद्धा से लिया जाता है कल्याण सिंह का नामउप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि पूज्य बाबूजी का नाम पूरे भारत में बड़ी श्रद्धा और विश्वास के साथ लिया जाता है। उन्होंने पूरे जीवन सनातन धर्म की पताका के लिए अपना सर्वस्व दांव पर लगाने का काम किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कल्याण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज उन्हीं के आदर्शों पर चलकर आज भाजपा लगातार प्रदेश की सरकार चला रही है। पूर्व विधायक एवं बीजेपी नेता राजवीर सिंह ने कल्याण सिंह के मूल्यों को याद करते हुए कहा कि वह राष्ट्रवाद की सच्ची प्रेरणा थे। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement