पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद नागपुर में संघ के विजयादशमी उत्सव के होंगे मुख्य अतिथि | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद नागपुर में संघ के विजयादशमी उत्सव के होंगे मुख्य अतिथि

Date : 22-Aug-2025

नागपुर, 22 अगस्त । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (रा.स्व.संघ) के वार्षिक विजयादशमी उत्सव के लिए इस वर्ष भी एक विशेष आमंत्रित अतिथि की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र के नागपुर के रेशीमबाग मैदान पर आगामी 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले संघ के विजयादशमी उत्सव में इस बार पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी शुक्रवार को संघ के प्रचार विभाग ने दी।

संघ के प्रचार विभाग ने बताया कि विजयादशमी (दशहरा) का उत्सव रा. स्व. संघ के लिए सत्य पर असत्य की विजय और शक्ति की उपासना के प्रतीक के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यही नहीं इसी पावन अवसर पर वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। इसलिए यह दिवस संघ के लिए केवल धार्मिक पर्व ही नहीं बल्कि उसका स्थापना दिवस भी है, जिसे संघ हर वर्ष बड़े उत्साह के साथ मनाता है।

प्रचार विभाग ने बताया कि इस अवसर पर संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत देश और समाज से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर अपना संबोधन देंगे। पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की संघ के इस उत्सव कार्यक्रम में उपस्थिति को विशेष महत्व दिया जा रहा है, क्योंकि वे देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर कार्य कर चुके हैं। उनका संघ के मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित होना एक गौरवपूर्ण बात है।

इस कार्यक्रम में हजारों स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में संघ की शाखा पद्धति का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही संघ के विचारों को दर्शाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

इस संदर्भ में संघ के प्रचार विभाग ने कहा, "देश के पूर्व राष्ट्रपति जैसे गरिमामय व्यक्तित्व का इस कार्यक्रम में सहभागी होना हमारे लिए गौरव की बात है। हमें विश्वास है कि यह आयोजन राष्ट्रीय चेतना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।" पिछले कुछ वर्षों में संघ के मंच पर उपस्थित होने वाले राम नाथ कोविंद दूसरे पूर्व राष्ट्रपति होंगे। इससे पहले, 2018 में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी संघ के एक कार्यक्रम में भाग लिया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement