केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत का समुद्री क्षेत्र उल्लेखनीय गति से विकसित हो रहा है। उन्होंने यह बात कल नई दिल्ली में भारत समुद्री सप्ताह 2025 की प्रारंभिक पहल के तहत आयोजित राजदूतों की गोलमेज बैठक को संबोधित करते हुए कही।
मंत्री सोनोवाल ने कहा कि भारत सरकार का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय विकास नहीं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और वैश्विक साझेदारी के लिए क्षमता निर्माण करना भी है। उन्होंने इस दिशा में बंदरगाह अवसंरचना के आधुनिकीकरण, तटीय नौवहन को बढ़ावा देने, और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के दौरान उन्होंने भागीदार देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों के साथ समुद्री संपर्क, जहाज निर्माण, रसद और समुद्री प्रौद्योगिकी को सुदृढ़ करने पर भी विचार-विमर्श किया। यह पहल भारत के समुद्री क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी और प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
