भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान ओडिशा, विदर्भ, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी सप्ताह में गुजरात, गोवा, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में भी इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा में अगले 7 दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
