प्रधानमंत्री मोदी जापान पहुंचे, आज 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रधानमंत्री मोदी जापान पहुंचे, आज 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग

Date : 29-Aug-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आज सुबह टोक्यो पहुंचे। वे जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर जापान आए हैं और आज टोक्यो में आयोजित हो रहे 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की संपूर्ण समीक्षा करेंगे और विशेष रणनीतिक व वैश्विक साझेदारी को अगले चरण तक ले जाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

टोक्यो पहुंचने पर इंपीरियल होटल में प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कथक और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिससे स्वागत समारोह में सांस्कृतिक रंग भर गया।

शिखर सम्मेलन में भाग लेने से पहले प्रधानमंत्री मोदी एक व्यावसायिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन जापान विदेश व्यापार संगठन (JETRO) द्वारा किया गया है। JETRO के कार्यकारी उपाध्यक्ष काजुया नाकाजो ने कहा कि मोदी की यात्रा बिल्कुल सही समय पर हो रही है, क्योंकि उनके हालिया सर्वेक्षण में पाया गया कि 80% से अधिक जापानी कंपनियाँ भारत में अपना कारोबार बढ़ाना चाहती हैं।

शिखर सम्मेलन में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी और कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर की उम्मीद है। बैठक के बाद प्रधानमंत्री दोनों देशों के रिश्तों पर एक संयुक्त संवाद में मीडिया को संबोधित करेंगे।

अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा भारत के राष्ट्रीय हितों और वैश्विक शांति और सतत विकास के लक्ष्यों को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री इशिबा के साथ आर्थिक और निवेश साझेदारी के विस्तार, एआई और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग, और सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक संबंधों को और गहराने के लिए काम करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि जापान यात्रा के बाद वे राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। वे सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत SCO का एक सक्रिय और रचनात्मक सदस्य है और वह साझा चुनौतियों का समाधान निकालने और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement