प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में, उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की विरासत युवा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी। प्रधानमंत्री ने बताया कि खेल के क्षेत्र में जमीनी स्तर से लेकर विश्व स्तरीय सुविधाओं तक देश में उल्लेखनीय विकास हुआ है।
श्री मोदी ने यह भी रेखांकित किया कि सरकार एथलीटों का समर्थन करने, खेल बुनियादी ढांचे के निर्माण और भारत को विश्व स्तरीय खेल उत्कृष्टता केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मेजर ध्यानचंद के समर्पण और मेहनत को सराहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ध्यानचंद ने हॉकी की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ी है और वे देशवासियों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे।
