लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज भुवनेश्वर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संसदीय समिति के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, समिति के अध्यक्ष फग्गन सिंह कुलस्ते सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन में संसद और 19 राज्यों की संसदीय समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों समेत 120 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित हैं। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है, "अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के कल्याण, विकास और सशक्तिकरण में संसदीय और विधायी समितियों की भूमिका"।
दिल्ली के बाहर पहली बार आयोजित यह सम्मेलन, संवैधानिक सुरक्षा उपायों और विभिन्न राज्यों द्वारा जनजातीय विकास के प्रयासों पर भी चर्चा करेगा। सम्मेलन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने ओडिशा की समृद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा, संस्कृति और कला की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
