चीन के तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मालदीव, ताजिकिस्तान, कजाकिस्तान, बेलारूस के राष्ट्रपतियों तथा मिस्र और नेपाल के प्रधानमंत्रियों सहित विश्व के नेताओं से मुलाकात की।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री मोदी ने इन नेताओं से मिलकर खुशी जताई। कज़ाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट के. तोकायेव के साथ अपनी मुलाकात के दौरान, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और कज़ाकिस्तान ऊर्जा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और फार्मा सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान के साथ अपनी बातचीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, श्री मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत के व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंध बढ़ रहे हैं और यह एक अद्भुत संकेत है।
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू से बातचीत में, प्रधानमंत्री ने कहा कि मालदीव के साथ भारत का विकासात्मक सहयोग दोनों देशों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इस बीच, नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. ओली के साथ बातचीत के दौरान, उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ भारत के संबंध अत्यंत विशिष्ट और गहरे हैं।
