केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और जल जीवन मिशन भारत को सतत स्वच्छता और जल सुरक्षा की दिशा में तेजी से आगे ले जा रहे हैं। वे कल नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण पर आधारित गोलमेज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री पाटिल ने सामूहिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए विशेष रूप से नवाचार, अपशिष्ट से ऊर्जा निर्माण, और जलवायु-अनुकूल स्वच्छता समाधानों पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से अब देश के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित नल का जल उपलब्ध कराया जा रहा है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि "खुले में शौच मुक्त प्लस (ODF Plus) मॉडल" सिर्फ संख्यात्मक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांवों में जीवन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य और आत्म-सम्मान से जुड़ा हुआ है।
श्री पाटिल के अनुसार, इन दोनों अभियानों ने मिलकर न सिर्फ साफ-सफाई और स्वच्छता की संस्कृति को ग्रामीण भारत में मजबूत किया है, बल्कि जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य संकटों से निपटने की दिशा में भी ठोस आधार तैयार किया है।
