मेघालय के जॉइंट ट्रेनिंग नोड में शुरू हुआ भारत-थाईलैंड का सैन्य अभ्यास 'मैत्री' | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मेघालय के जॉइंट ट्रेनिंग नोड में शुरू हुआ भारत-थाईलैंड का सैन्य अभ्यास 'मैत्री'

Date : 02-Sep-2025

​नई दिल्ली, 02 सितंबर । भारत और थाईलैंड के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मैत्री' का 14वां संस्करण मंगलवार से मेघालय के उमरोई स्थित जॉइंट ट्रेनिंग नोड (जेटीएन) में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ। 14 सितंबर तक चलने वाला यह द्विपक्षीय अभ्यास दोनों देशों के बीच चल रहे सैन्य आदान-प्रदान कार्यक्रमों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य भारतीय सेना और रॉयल थाई सेना के बीच सहयोग, संयुक्त सहभागिता और आपसी समझ को विस्तार देना है।

अभ्यास में हिस्सा ले रही भारतीय सेना की टुकड़ी में 120 सैन्य कर्मी शामिल हैं, जिसका प्रतिनिधित्व मद्रास रेजिमेंट की एक बटालियन कर रही है। रॉयल थाई आर्मी की 53 कर्मियों वाली टुकड़ी का प्रतिनिधित्व प्रथम इन्फैंट्री बटालियन 14वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड कर रही है। दोनों देशों के बीच होने वाला यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के अंतर्गत अर्ध-शहरी इलाकों में कंपनी स्तर के आतंकवाद रोधी अभियानों पर केंद्रित होगा। दो सप्ताह के इस आयोजन में सामरिक अभ्यास, संयुक्त कार्य योजना, विशेष हथियार कौशल, शारीरिक क्षमता निर्माण और छापामार कार्रवाई शामिल हैं।

इस सैन्य अभ्यास का 13वां संस्करण थाईलैंड के टाक प्रांत के फोर्ट वाचिराप्राकन में आयोजित किया गया था। मौजूदा अभ्यास 48 घंटे के प्रमाणीकरण अभ्यास के साथ समाप्त होगा, जिसमें यथार्थवादी परिचालन परिदृश्यों का अनुकरण किया जाएगा। यह मैत्री अभ्यास भारत व थाईलैंड के बीच वर्ष 2006 में शुरू किया गया था, जो महत्वपूर्ण संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यासों में से एक है। वर्तमान संस्करण द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को पहले से अधिक सशक्त करेगा और यह क्षेत्र में शांति, स्थिरता एवं सुरक्षा के प्रति दोनों सेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement