इंदौर में 20 सितंबर को होगा राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान समारोह, शंकर एहसान लॉय और सोनू निगम को मिलेगा सम्मान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

इंदौर में 20 सितंबर को होगा राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान समारोह, शंकर एहसान लॉय और सोनू निगम को मिलेगा सम्मान

Date : 03-Sep-2025

इंदौर, 03 सितम्बर। मध्य प्रदेश के इंदौर में 28 सितंबर को स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जन्म जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण सम्मान समारोह एवं गीत संध्या का आयोजन होगा। बुधवार को इंदौर संभागायुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में अलंकरण समारोह की तैयारियों को लेकर में हुई बैठक में यह जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में वर्ष 2024 के लिए यह सम्मान प्रसिद्ध संगीत निर्देशक शंकर एहसान लॉय को प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2025 के लिए पार्श्व गायन के क्षेत्र में यह सम्मान प्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम को दिया जाएगा। अलंकरण के उपरान्त पार्श्व गायक अंकित तिवारी एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

संभागायुक्त दीपक सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह एवं गीत संध्या के तहत स्वर कोकिला लता मंगेशकर के जीवन वृत पर केन्द्रित एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। यह आयोजन दो दिवसीय होगा। पहले दिन सुगम संगीत प्रतियोगिता होगी, जिसमें संगीत के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। इसी दिन दोपहर को स्थानीय स्तर के संगीत कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल लता मंगेशकर ऑडिटोरियम पर पर्याप्त प्रकाश, जनरेटर, शुद्ध पेयजल, एवं बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छता, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सुनिश्चित की जाए। साथ ही पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाए।

बैठक में निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर रोशन राय, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, संस्कृति संचालक एनपी नामदेव, आईडीए के सीईओ आरपी अहिरवार, राजस्व उपायुक्त सपना लोवंशी, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक संतोष कुमार कौल, संस्कृतिकर्मी जयंत भिसे, संयुक्त स्वास्थ्य संचालक डॉ. पूर्णिमा गडरिया, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हसानी, शासकीय संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश कडोतिया, आईडीए के कार्यपालन यंत्री राकेश अवासे, खाद्य विभाग के अधिकारी गामड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement