भारतीय युद्धपोत 'त्रिकंद' अभ्यास ब्राइट स्टार में भाग लेने अलेक्जेंड्रिया बंदरगाह पर पहुंचा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भारतीय युद्धपोत 'त्रिकंद' अभ्यास ब्राइट स्टार में भाग लेने अलेक्जेंड्रिया बंदरगाह पर पहुंचा

Date : 03-Sep-2025

मिस्र में होने वाले अभ्यास में भारतीय सेना और वायु सेना की टुकड़ियां भी भाग लेंगी

नई दिल्ली, 03 सितंबर। भारतीय नौसेना का स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस त्रिकंद भूमध्य सागर में अपनी तैनाती के दौरान इस समय मिस्र के अलेक्जेंड्रिया बंदरगाह पर रुका है। यह जहाज 10 सितंबर तक मिस्र में होने वाले अभ्यास ब्राइट स्टार में भाग लेगा, जिसमें भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना की टुकड़ियां भी भाग लेंगी। इस अभ्यास में अमेरिका, मिस्र और भारत के अलावा सऊदी अरब, कतर, ग्रीस, साइप्रस और इटली की सेनाओं के भी भाग लेने की उम्मीद है। नौसेना के कैप्टन विवेक मधवाल ने बताया कि वायु, थल और समुद्री क्षेत्रों में होने वाला यह बहुपक्षीय अमेरिकी मध्य कमान अभ्यास है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग को बढ़ावा देने के साथ ही उसे मजबूत करता है। इससे हाइब्रिड खतरों के विरुद्ध अनियमित युद्ध में अंतर संचालन क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा। अलेक्जेंड्रिया बंदरगाह पर अपने प्रवास के दौरान आईएनएस त्रिकंद द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए कई गतिविधियों में भी शामिल होगा। इनमें वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा, क्रॉस-डेक दौरे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए खेल आयोजन शामिल हैं। इस क्षेत्र में आगामी बंदरगाह प्रवासों के साथ परिचालन तैनाती का मुख्य उद्देश्य भूमध्य सागर में पेशेवर नौसैनिक गतिविधियां आयोजित करना है, ताकि साझेदार समुद्री देशों के साथ अंतर-संचालन को बढ़ावा दिया जा सके। इसका उद्देश्य प्रक्रियाओं में समानता को मजबूत करना और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना है, जो पारंपरिक और गैर-पारंपरिक समुद्री खतरों के विरुद्ध संयुक्त अभियानों में सहायक होंगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement