केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि जीएसटी सुधारों के परिणामस्वरूप स्वास्थ्य सेवा की लागत में कमी आएगी और इससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार सरकार की गरीब और मध्यम वर्ग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि कैंसर और दुर्लभ बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली 36 जीवन रक्षक दवाओं पर जीएसटी को शून्य प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा, स्वास्थ्य और जीवन बीमा पॉलिसियों को भी जीएसटी से मुक्त किया गया है। दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और डायग्नोस्टिक्स पर भी कर में कटौती की गई है।
केंद्रीय मंत्री ने इसे सभी के लिए किफायती और बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
