गृह मंत्री अमित शाह ने पूरे देश में नई श्रम संहिताओं के लागू होने पर देश के सभी श्रमिकों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर अपने संदेश में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार की गई ये श्रम संहिताएँ भारत के श्रम कानूनों के इतिहास में सबसे बड़े सुधार का प्रतीक हैं। गृह मंत्री के अनुसार, नई संहिताएँ श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, महिला श्रमिकों के लिए समान अवसर देती हैं और गिग व असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी मान्यता प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि ये सुधार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे और वैश्विक स्तर पर एक आदर्श स्थापित करेंगे।
केंद्र सरकार ने कल घोषणा की कि पुराने और जटिल श्रम कानूनों को सरल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चार नई श्रम संहिताएँ देशभर में लागू की जा रही हैं। इन संहिताओं के तहत सभी श्रमिकों को समय पर न्यूनतम वेतन, युवाओं को नियुक्ति पत्र, महिलाओं को समान वेतन और सम्मान, लगभग 40 करोड़ श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, तथा एक वर्ष की नौकरी के बाद निश्चित अवधि के कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा।
