जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश में मनरेगा कार्यदिवसों की संख्या बढ़ाकर 150 करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। इस बढ़ोतरी का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सुरक्षा को मजबूत करना है।
उपराज्यपाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जम्मू-कश्मीर की 1,962 पंचायतों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया है, जिससे ग्रामीण आजीविका पर गंभीर असर पड़ा। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने केंद्र से विशेष राहत की मांग की थी और इस फैसले से वंचित ग्रामीण परिवारों को स्थिर आय मिलेगी, आर्थिक संकट कम होगा और टिकाऊ संपत्तियाँ बनाने में मदद मिलेगी।
