राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री गोवा हादसे पर दुखी, केंद्र सरकार मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद देगी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री गोवा हादसे पर दुखी, केंद्र सरकार मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद देगी

Date : 07-Dec-2025


नई दिल्ली/पणजी, 07 दिसंबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोवा हादसे पर दुख जताता है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए फौरी तौर पर आर्थिक मदद की घोषणा की है। मोदी ने एक्स संदेश में घोषणा की है कि गोवा के अर्पोरा में हुए हादसे में मारे गए लोगों के प्रत्येक परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री एक्स पर लिखा, " यह घटना बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।"

इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स संदेश में कहा, "नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"

यह हादसा उत्तर गोवा के अर्पोरा में देररात एक नाइट क्लब में आग लगने से हुआ। इसमें 23 लोगों की मौत हो गई। गोवा पुलिस महानिदेशक अलोक कुमार ने बताया कि सभी मृतक क्लब के कर्मचारी हैं। आग सिलेंडर में धमाका होने के बाद लगी। उन्होंने बताया कि अब तक 23 शव बरामद किए गए हैं।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। लोबो ने बताया कि इस हादसे में किसी भी पर्यटक के हताहत होने की सूचना अभी तक नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने और आगे जांच के लिए राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना गोवा जैसे पर्यटन राज्य के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से इस तरह के संस्थान चलाए, उनके कारण यह आग हादसा हुआ और इसमें 23 लोगों की जान चली गई। सरकार इस घटना की जांच करेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement