शिमला : पेड़ों का अवैध कटान उजागर करने पर महिला को जान से मारने की धमकी, एफआईआर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

शिमला : पेड़ों का अवैध कटान उजागर करने पर महिला को जान से मारने की धमकी, एफआईआर

Date : 07-Dec-2025



शिमला, 7 दिसंबर । हरे पेड़ों के अवैध कटान को उजागर करने की हिम्मत दिखाने वाली एक महिला को सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां दिए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने हाल ही में क्षेत्र में चल रही अवैध लकड़ी कटान की जानकारी सार्वजनिक की थी और संबंधित विभाग को भी इसकी सूचना दी थी। इसके बाद उन्हें फेसबुक मैसेंजर पर एक व्यक्ति का कॉल आया, जिसमें गाली-गलौज के साथ उन्हें दांत तोड़ देने और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने महिला को समाज में बदनाम करने की भी चेतावनी दी, जिसके बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामला शिमला जिला के चौपाल थाना क्षेत्र का है।

शिकायत चौपाल निवासी पीड़िता की ओर से दी गई है। उसने बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम देव आनंद बताया और धमकियां देना शुरू कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह मामला अवैध पेड़ों की कटाई में शामिल लोगों के हितों को बचाने की कोशिश में दी गई धमकियों से जुड़ा हो सकता है। जांच की जिम्मेदारी चौपाल पुलिस स्टेशन के मुख्य आरक्षी राजेश कुमार को सौंपी गई है। डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने रविवार को कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण या सार्वजनिक हित में आवाज उठाने वालों को डराने का अधिकार नहीं है।

फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट और संबंधित तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement