प्रधानमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद किया, पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराने की घटना का किया जिक्र | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रधानमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद किया, पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराने की घटना का किया जिक्र

Date : 30-Dec-2025

नई दिल्ली, 30 दिसंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि ठीक 82 वर्ष पहले आज ही के दिन, यानी 30 दिसंबर 1943 को, नेताजी ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में साहस और पराक्रम के साथ भारतीय तिरंगा फहराया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "आज ही के दिन 30 दिसंबर, 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में साहस और पराक्रम के साथ तिरंगा फहराया था। वह क्षण हमें याद दिलाता है कि स्वतंत्रता केवल आकांक्षा से नहीं, बल्कि सामर्थ्य, परिश्रम, न्याय और संगठित संकल्प से आकार लेती है। आज का सुभाषित इसी भाव को अभिव्यक्त करने वाला है।"

इसके साथ उन्होंने एक संस्कृत सुभाषित साझा किया:

सामर्थ्यमूलं स्वातन्त्र्यं श्रममूलं च वैभवम्।

न्यायमूलं सुराज्यं स्यात् सङ्घमूलं महाबलम् ॥

इसका अर्थ है कि स्वतंत्रता की जड़ सामर्थ्य में है, वैभव की जड़ परिश्रम में, अच्छे शासन की जड़ न्याय में और महान शक्ति की जड़ संगठन में है। उल्लेखनीय है कि यह ऐतिहासिक घटना द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हुई थी, जब जापानी सेना की मदद से नेताजी की आजाद हिंद फौज ने अंडमान पर कब्जा किया था और वहां तिरंगा फहराकर इसे ब्रिटिश शासन से मुक्त भारतीय क्षेत्र घोषित किया गया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement