सूरत, 30 दिसंबर। शहर में आम आदमी पार्टी (आप) के युवा विंग के शहर महामंत्री श्रवण जोशी और उसके साथी संपत चौधरी के खिलाफ सस्ते अनाज की दुकानों से लाखों रुपये की वसूली का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले
की जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार विरोधी होने का दावा करने वाल आआपा के युवा नेता श्रवण जोशी पर आरोप है कि वह अपने लोगों के माध्यम से दुकानों के लाइसेंस रद्द कराने की धमकी देता और वीडियो बनाकर ‘सेटलमेंट’ के नाम पर हफ्ताखोरी करते हैं। मामला दर्ज होने के बाद अब पर्दाफाश हुआ है। इस पूरे कांड में व्यापारियों ने साहस दिखाते हुए संपत चौधरी को एक लाख रुपये नकद देते समय वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसी वीडियो से आआपा नेताओं के हफ्ताखोरी का नेटवर्क बेनकाब हुआ। एक अन्य वीडियो में संपत चौधरी ने कबूल किया कि वह श्रवण जोशी के कहने पर हर दुकान से 25-25 हजार रुपये की किस्त लेने जाता था। व्यापारियों ने तंग आकर इस बार उन्हें रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई। जब संपत चौधरी गोडादरा क्षेत्र में रकम लेने पहुंचा, तो व्यापारी ने उसे एक लाख रुपये देते हुए मोबाइल से वीडियो बना लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि श्रवण जोशी ने एक साथ करीब 10 दुकानदारों से वसूलने का नेटवर्क बनाया था। हर दुकान से 25 हजार रुपये महीना तय किया गया था। पुलिस शिकायत में बताया गया है कि दबाव बनाने के लिए वह पार्टी का खेस पहनकर दुकान पर जाता, लाइसेंस रद्द कराने की धमकी देता और वीडियो बनाकर व्यापारियों की सामाजिक छवि खराब करता था। बाद में ‘सेटलमेंट’ के लिए अपने साथी संपत चौधरी से संपर्क करने को कहता था।
इस मामले में सूरत के एसओजी के डीसीपी राजदीपसिंह नकुम ने बताया कि अनाज दुकानदार एसोसिएशन के सदस्य शिकायत लेकर आए थे। उनका आरोप है कि 10 दुकानों के बदले साढ़े तीन लाख की मांग की गई थी, जिसमें पहले एक लाख रुपये लेने पर सहमति बनी और उसी समय का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। मामले में और भी पीड़ित दुकानदार सामने आ सकते हैं।
