कोहरे ने बाधित किया आईजीआई एयरपोर्ट पर परिचालन, 118 उड़ानें रद्द, 16 का मार्ग बदला गया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कोहरे ने बाधित किया आईजीआई एयरपोर्ट पर परिचालन, 118 उड़ानें रद्द, 16 का मार्ग बदला गया

Date : 30-Dec-2025

नई दिल्‍ली, 30 दिसंबर। राष्‍ट्रीय राजधानी नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण मंगलवार को विमानों के परिचालन बाधित होने से कम से कम 118 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 16 उड़ानों के मार्ग में परिवर्तन किया गया और 130 की सेवाओं में देरी हुई।

दिल्‍ली हवाई अड्डे पर 60 आगमन और 58 प्रस्थान उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 16 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआईए) से प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। विमानन कंपनियों के उड़ान संचालन पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24डॉटकॉम’ के अनुसार मंगलवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 130 उड़ानों के परिचालन में देरी हुई और प्रस्थान उड़ानों का औसत विलंब समय करीब 28 मिनट रहा।

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ऑपरेटर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के मुताबिक सभी उड़ानों का परिचालन सामान्य रूप से जारी हैं, लेकिन जो उड़ानें ‘कैट-तीन’ के अनुरूप नहीं हैं, वे प्रभावित हो सकती हैं। डायल ने कहा कि शहर में पहले घने कोहरे के बाद विजिबिलिटी में सुधार होने से फ्लाइट का ऑपरेशन सुचारू रूप से चल रहे हैं। यात्रियों के लिए जारी एक एडवाइजरी में सलाह दी गई है कि वे लेटेस्ट फ्लाइट शेड्यूल के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।

घने कोहरे और कम दृश्यता की पृष्ठभूमि में नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि विमानन कंपनियों को यात्रियों की सुविधा संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें ‘‘उड़ान संबंधी जानकारी समय पर देना, जिन यात्रियों की उड़ान में देरी हुई हो, उनके लिए भोजन की व्यवस्था करना, उड़ान रद्द होने की स्थिति में पुनः बुकिंग या पैसे वापस करने की सुविधा देना, समय पर ‘चेक-इन’ के बाद विमान में चढ़ने से रोका नहीं जाना, सामान संबंधी सुविधा और त्वरित शिकायत निवारण’’ की सुविधा शामिल हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement