अटल ने राजनीति को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा : विपिन सिंह परमार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अटल ने राजनीति को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा : विपिन सिंह परमार

Date : 31-Dec-2025

 धर्मशाला, 31 दिसंबर । पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बुधवार को धर्मशाला के लायंस क्लब में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक विपिन सिंह परमार तथा पूर्व मंत्री व विधायक सुधीर शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अटल जी के विचारों, राष्ट्रवाद, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में ज़िला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे सम्मेलन में “अटल है तो विश्वास है” की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति को मर्यादा, संवाद और विकास से जोड़ा और यही कारण है कि आज भी देश उन्हें आदर्श मानता है। परमार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अटल के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

वहीं पूर्व मंत्री व विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि आज जब राजनीति में अवसरवाद हावी है, तब अटल जी का जीवन ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है। सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा ही अटल जी की विचारधारा की सच्ची उत्तराधिकारी है।

ज़िला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि अटल स्मृति सम्मेलन ने संगठन को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और पार्टी इन्हीं मूल्यों के साथ आगे बढ़ रही है। सचिन शर्मा ने सम्मेलन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं व नेताओं का आभार व्यक्त किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement