बर्फबारी के बाद हिमाचल में शीतलहर तेज़, पांच शहरों का माइनस में तापमान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बर्फबारी के बाद हिमाचल में शीतलहर तेज़, पांच शहरों का माइनस में तापमान

Date : 02-Jan-2026

 शिमला, 02 जनवरी । हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के बाद प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड पड़ गई है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक शीतलहर का असर तेज हो गया है। ठंड के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को सुबह-शाम अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में बर्फबारी के कारण प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति जिले का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी जिले के कुकुमसेरी में पारा माइनस 6.2 डिग्री रहा। किन्नौर के कल्पा में माइनस 3 डिग्री, जबकि शिमला जिले के नारकंडा में माइनस 1 डिग्री और कुफरी में माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट देखी गई है। राजधानी शिमला में इस मौसम की सबसे सर्द रात रही और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मनाली में पारा 2.3 डिग्री, पालमपुर में 2 डिग्री, सोलन में 3 डिग्री, कांगड़ा में 2.5 डिग्री और हमीरपुर में 4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री, भुंतर में 4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 4.6 डिग्री और बजुआरा में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा धर्मशाला में 8.6 डिग्री, मंडी में 8.2 डिग्री, उना में 8 डिग्री, बिलासपुर में 8 डिग्री, नाहन में 6.5 डिग्री, नेरी में 5.3 डिग्री और रिकांगपिओ में 1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हुई बर्फबारी की बात करें तो लाहौल-स्पीति के कोकसर में करीब 10 सेंटीमीटर और शिमला जिले के शिलारू में करीब 2 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा जोत, कुफरी, केलांग और नारकंडा में भी हल्की बर्फबारी हुई है।

मौसम विभाग ने आगामी पांच जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान निचले और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। छह जनवरी को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में फिर से बर्फबारी होने का अनुमान है, जबकि सात और आठ जनवरी को मौसम के साफ रहने की संभावना है।

आज प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। शिमला और आसपास के क्षेत्रों में धूप खिली हुई है। इससे लोगों को कुछ राहत मिली है। वहीं निचले इलाकों में कोहरे का असर देखने को मिला। सुंदरनगर में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 70 मीटर, पांवटा साहिब में 200 मीटर और मंडी में 800 मीटर रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement