महिला सुरक्षा पर जशपुर पुलिस का बड़ा कदम, रजत जयंती वर्ष 2025-26 का भव्य शुभारंभ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

महिला सुरक्षा पर जशपुर पुलिस का बड़ा कदम, रजत जयंती वर्ष 2025-26 का भव्य शुभारंभ

Date : 02-Jan-2026

 अंबिकापुर/जशपुर, 02 जनवरी । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जशपुर पुलिस ने रजत जयंती वर्ष 2025-26 के तहत एक व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का शुभारंभ एक जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय जशपुर में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया गया, जिसमें विधायक जशपुर रायमुनी भगत, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जशपुर पुलिस द्वारा संचालित यह जनजागरूकता अभियान एक जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक पूरे जिले के शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा, ताकि वे स्वयं को सशक्त और सुरक्षित महसूस कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान समाज में महिलाओं की सकारात्मक और प्रेरणादायी भूमिका को रेखांकित करते हुए जिले की तीन महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जनजातीय अंचलों के बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारने वाली पंडरी बाई, पर्वतारोहण के क्षेत्र में जिले और राज्य का नाम रोशन करने वाली सुमन ताम्रकार तथा बीसीसीआई अंडर-19 टीम में चयनित होकर जिले को गौरवान्वित करने वाली आकांक्षा रानी शामिल हैं। इन महिलाओं के सम्मान के माध्यम से बालिकाओं और युवतियों को खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत जशपुर पुलिस द्वारा शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणाम, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला हेल्पलाइन, पुलिस सहायता तंत्र और कानून में प्रदत्त अधिकारों से अवगत कराया जाएगा। स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

जशपुर पुलिस द्वारा पहले से संचालित “नोनी रक्षा दल” के माध्यम से महिलाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर 9479128400 जारी किया गया है। आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए एक पृथक वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। नोनी रक्षा दल का संचालन डीएसपी रैंक की महिला पुलिस अधिकारी आशा लकड़ा एवं उनकी विशेष प्रशिक्षित टीम द्वारा किया जा रहा है, जो महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

स्कूल और कॉलेज स्तर पर छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग, आत्मविश्वास विकास और व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खेलकूद, निबंध लेखन, कविता पाठ और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि भारत का संविधान और कानून महिलाओं को सशक्त बनाता है और जशपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। नोनी रक्षा दल लगातार सक्रिय होकर कार्य कर रहा है और आने वाले दिनों में इसके कार्यों का और विस्तार किया जाएगा। जशपुर पुलिस का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास पैदा करना, अपराधों की रोकथाम के लिए सामाजिक सहभागिता बढ़ाना और जिले में एक सुरक्षित व संवेदनशील वातावरण का निर्माण करना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement