न्याय संहिता के क्रियान्वयन में दिल्ली पुलिस का दबदबा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

न्याय संहिता के क्रियान्वयन में दिल्ली पुलिस का दबदबा

Date : 02-Jan-2026

 नई दिल्ली, 02 जनवरी । न्याय संहिता (नए कानूनों) के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में दिल्ली पुलिस ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नवंबर 2025 के लिए सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड में दिल्ली पुलिस ने देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि इससे पहले अक्टूबर में भी दिल्ली पुलिस प्रथम रही थी।

विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा मॉनिटर किए जाने वाले इस प्रगति डैशबोर्ड में राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों का आकलन डेटा की गुणवत्ता, समयबद्धता, सटीकता और मात्रा के आधार पर किया जाता है। यह मूल्यांकन सीसीटीएनएस और इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के पोर्टलों पर किए गए कार्यों पर आधारित होता है।

15 प्रमुख मापदंडों पर हुआ मूल्यांकन

विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि एनसीआरबी द्वारा तय 15 प्रमुख मानकों में पुलिस थानों का सीसीटीएनएस से जुड़ाव, डिजास्टर रिकवरी सेंटर की स्थापना, कोर एप्लिकेशन सॉफ्टवेयर में एंट्री, पुराने रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, स्टेट और नेशनल डेटा सेंटर में डेटा सिंकिंग, अदालतों में सीसीटीएनएस-जनित एफआईआर भेजना, नागरिक पोर्टल सेवाएं तथा आईसीजेएस की राज्य स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस इससे पहले भी दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में प्रगति डैशबोर्ड पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी है। अक्टूबर-नवंबर 2025 में दोबारा नंबर-1 रहना दिल्ली पुलिस की निरंतर, सशक्त और अनुकरणीय कार्यशैली को दर्शाता है। इस उपलब्धि में क्राइम ब्रांच की सीसीटीएनएस टीम की भूमिका बेहद अहम रही। टीम ने डेटा एंट्री की सख्त निगरानी, जिलों के साथ रीयल-टाइम समन्वय, तकनीकी व प्रक्रियात्मक समस्याओं का समाधान तथा फील्ड यूनिट्स को लगातार मार्गदर्शन देकर उच्च स्तर की सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित की।

जिलों की मेहनत लाई रंग

विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी जिलों और यूनिट्स के अधिकारियों व कर्मचारियों ने तय समयसीमा का पालन, जांच से जुड़ी त्वरित अपडेट, रिकॉर्ड का सटीक डिजिटलीकरण और वरिष्ठ अधिकारियों व तकनीकी टीमों के साथ समन्वय कर इस सफलता को संभव बनाया। दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने क्राइम ब्रांच की सीसीटीएनएस टीम और सभी जिलों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की पेशेवर प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए तकनीक-आधारित, नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग में इसी तरह उत्कृष्टता बनाए रखने का आह्वान किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement