शॉर्ट सर्किट से लगी बेडशीट गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

शॉर्ट सर्किट से लगी बेडशीट गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक

Date : 02-Jan-2026

 जयपुर, 02 जनवरी। संजय सर्किल थाना इलाके में गुरुवार देर रात एक बेडशीट गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि धुएं के गुबार और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने का सीधा रास्ता नहीं मिलने के कारण आग बुझाने के लिए दूसरी इमारत पर चढ़कर कार्रवाई करनी पड़ी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर खाक हो गया।

संजय सर्किल थानाधिकारी उमेश बेनीवाल ने बताया कि सीकर हाउस कपड़ा मार्केट स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल पर दिनेश मोहन का बेडशीट का गोदाम है। गुरुवार देर रात अचानक गोदाम में आग लग गई। जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना पर संजय सर्किल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बनीपार्क व घाटगेट फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। तीन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, लेकिन संकरी गलियों और रास्ते की कमी के कारण दमकल वाहन सीधे गोदाम तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड सहित दमकल कर्मियों ने दूसरी बिल्डिंग पर चढ़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन गोदाम में रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement