उपराष्ट्रपति, गृहमंत्री समेत कई नेताओं ने दी सावित्रीबाई फुले को श्रद्धांजलि | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उपराष्ट्रपति, गृहमंत्री समेत कई नेताओं ने दी सावित्रीबाई फुले को श्रद्धांजलि

Date : 03-Jan-2026

नई दिल्ली, 03 जनवरी । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सावित्रीबाई फुले की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र सेवा में उनके योगदान को याद किया।

उप राष्ट्रपति राधाकृष्ण ने एक्स पोस्ट में कहा, “सावित्रीबाई फुले की जयंती पर, मैं भारत में महिलाओं की शिक्षा की दूरदर्शी सुधारक और अग्रणी को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं।”

अमित शाह ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं को शिक्षा के मूल अधिकार से जोड़कर नारी सशक्तीकरण को नई दिशा दी। उनका प्रेरणादायी जीवन राष्ट्र निर्माण में सदैव मार्गदर्शक बना रहेगा।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने समाज के वंचित, दलित, पीड़ित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए दृढ़ता से संघर्ष किया तथा स्त्री शिक्षा और महिला अधिकारों को सशक्त बनाने में अमूल्य एवं ऐतिहासिक योगदान दिया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए सावित्रीबाई फुले का संघर्ष और सामाजिक न्याय की दिशा में योगदान सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए सावित्रीबाई फुले का संघर्ष भारतीय समाज के लिए पथप्रदर्शक है।

कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन और कार्य पीढ़ियों को शिक्षा के माध्यम से समानता, गरिमा और सशक्तीकरण को लेकर प्रयास करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement