कल्याण सिंह की जयंती पर गृह मंत्री समेत भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कल्याण सिंह की जयंती पर गृह मंत्री समेत भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Date : 05-Jan-2026

 नई दिल्ली, 05 जनवरी। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रखर राष्ट्रवादी नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह 'बाबूजी' की जयंती पर भाजपा नेताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। राम मंदिर आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और सुशासन के प्रतीक के रूप में उन्हें याद किया गया। कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी, 1932 को हुआ था। वे राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता थे और अपने सिद्धांतों के लिए सत्ता त्यागने के लिए जाने जाते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रखर राष्ट्रवादी नेता श्रद्धेय कल्याण सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन। उत्तर प्रदेश में अपराध-मुक्त शासन के प्रतीक कल्याण सिंह ने देश की विरासत और सांस्कृतिक स्वाभिमान की रक्षा के सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और अपने वैचारिक मूल्यों पर अडिग रहते हुए सत्ता का त्याग कर दिया। लोककल्याण और जनसेवा के प्रति उनके कार्य आज भी स्मरणीय हैं।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में याद करते हुए विनम्र अभिवादन किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि श्रीराम मंदिर आंदोलन के अग्रदूत, वरिष्ठ नेता, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण' श्रद्धेय कल्याण सिंह 'बाबूजी' की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। बाबूजी ने गरीबों व पिछड़ों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। अयोध्या में रामलला जन्मभूमि आंदोलन के लिए उनका योगदान प्रणम्य है। जनसेवा और संगठन के विस्तार के उनके प्रयास करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, प्रखर राष्ट्रवादी और परम रामभक्त बताते हुए कोटि-कोटि नमन किया। उन्होंने कहा कि उनका आदर्श जीवन राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाबूजी को भारतीय राजनीति में शुचिता का सशक्त स्तंभ और कार्यकर्ताओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि बाबूजी का जीवन वैचारिक निष्ठा, सिद्धांतप्रियता और प्रभावी प्रशासन की अनुपम मिसाल रहा। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सत्ता का त्याग उनका अद्वितीय समर्पण और राष्ट्रधर्म के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को शक्ति प्रदान करने और अंत्योदय एवं राष्ट्र प्रथम के विचारों पर जोर दिया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कल्याण सिंह 'बाबूजी' के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी का कार्यकाल सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी मिशन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के कल्याण से जोड़कर निरंतर सार्थक किया। उनकी पावन स्मृतियों को नमन।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल्याण सिंह को देश की प्रगति, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए जीवन समर्पित करने वाला बताया और श्रीराम मंदिर के लिए उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को निर्णायक दिशा देने वाले और सनातन संस्कृति के प्रहरी के रूप में कल्याण सिंह 'बाबूजी' को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके ओजस्वी विचार समाज को मार्गदर्शन देते रहेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement