अमित शाह 30 जनवरी को डिब्रूगढ़ आएंगे, मुख्यमंत्री ने की कई योजनाओं की घोषणा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अमित शाह 30 जनवरी को डिब्रूगढ़ आएंगे, मुख्यमंत्री ने की कई योजनाओं की घोषणा

Date : 23-Jan-2026

 गुवाहाटी, 23 जनवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जनवरी को डिब्रूगढ़ आएंगे, जहां वे असम विधानसभा के दूसरे परिसर का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने फेसबुक लाइव के जरिए इसकी जानकारी दी तथा राज्य में आगामी कार्यक्रमों, नियुक्तियों और निवेश से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 11 या 12 फरवरी को 2 हजार युवक-युवतियों को नई नियुक्ति पत्र सौंपेगी। इसके अलावा 24 जनवरी को मुख्यमंत्री बाक्सा जाएंगे, जहां वे मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता योजना के तहत चेक वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

25 जनवरी को दुमदुमा में ‘एति कोली दुटी पात’ योजना का उद्घाटन किया जाएगा। इस योजना के तहत चाय बागान के स्थायी और अस्थायी श्रमिकों को राज्य सरकार की ओर से पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 26 जनवरी को मुख्यमंत्री दूसरी बार डिब्रूगढ़ में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 फरवरी को गुवाहाटी में मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान का उद्घाटन किया जाएगा। इस योजना के तहत 75 हजार युवाओं को स्वरोजगार के लिए 2-2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

डॉ. सरमा ने यह भी कहा कि स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान विभिन्न अग्रणी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ हुई बैठकों के बाद असम को करीब 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। कई वैश्विक कंपनियों ने असम में निवेश करने में रुचि दिखाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन, सामाजिक कल्याण और निवेश के जरिए असम के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement