विदेशी राजनयिकों ने भारतीय गणतंत्र दिवस की बधाई दी | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

विदेशी राजनयिकों ने भारतीय गणतंत्र दिवस की बधाई दी

Date : 26-Jan-2026

 नई दिल्ली, 26 जनवरी । विभिन्न देशों के राजनयिकों ने सोमवार को भारत के 77वें गणतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। रूस, जापान, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के दूतों ने इस विशेष दिन पर भारत के साथ अपनी शुभेच्छाएं साझा कीं।

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने हिंदी में शुभकामनाएं देते हुए कहा, “प्रिय भारतीय मित्रों, गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।” इसके अलावा रूस के अन्य राजनयिकों ने ओडया, बंगाली, मलयालम, पंजाबी, उर्दू, तमिल, असमिया, संस्कृत, गुजराती, तेलुगु, कन्नड़ और मराठी सहित कई भारतीय भाषाओं में शुभकामनाएं दीं।

भारत में जापान के राजदूत केइइची ओनो ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत के 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। राष्ट्रपति से ‘एट-होम’ आमंत्रण प्राप्त कर समारोह में शामिल होने को उत्सुक हूं, जो भारत की समृद्ध और विविध संस्कृति की याद दिलाता है।”

भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज़ हामिदुल्लाह ने भी ‘एक्स’ पर कहा, “बांग्लादेश भारत के हर महिला, पुरुष और बच्चे को 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई देता है।” उन्होंने यह संदेश कई भारतीय भाषाओं में साझा किया।

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने 26 जनवरी को भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए विशेष दिन बताते हुए मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की कामना की। उन्होंने लिखा, “26 जनवरी ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों के लिए खास दिन है। ऑस्ट्रेलिया दिवस और गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं और ऑस्ट्रेलिया-भारत दोस्ती के एक और मजबूत वर्ष के लिए बधाई।”

उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपना संविधान अपनाया था, जिसके साथ ही देश एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह दिन भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पराकाष्ठा और न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित संवैधानिक शासन की स्थापना का प्रतीक है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement