सीतारमण आज लोकसभा में पेश करेंगी केंद्रीय बजट | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

सीतारमण आज लोकसभा में पेश करेंगी केंद्रीय बजट

Date : 01-Feb-2026

 नई दिल्‍ली, 01 फरवरी। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट (आम बजट) लोकसभा में पेश करेंगी। सीतारमण का यह लगातार नौंवां बजट होगा। इसमें विकास की गति बनाए रखने, राजकोषीय अनुशासन को बरकरार रखने, विनिर्माण क्षेत्र और रोजगार को बढ़ावा देने के उपाय शामिल किए जाने की उम्मीद है। इस बार के केंद्रीय बजट में विशेष तौर पर ऐसे उपायों पर नजर होगी, जो अमेरिकी टैरिफ समेत वैश्विक व्यापारिक संघर्षों से अर्थव्यवस्था को बचा सकते हैं।


स्वतंत्रता के बाद यह पहली बार है कि आम बजट रविवार को पेश किया जाएगा। बजट ऐसी चुनौतियों के बीच पेश किया जा रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। घरेलू मांग में स्थिरता बनी हुई है और वैश्विक अननिश्चितता आगे की राह को धूमिल कर रही हैं।

इस बीच सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि निर्मला सीतारमण लगातार नौ बार बजट पेश करने वाली देश की पहली वित्तमंत्री बन जाएंगी। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व वित्तमंत्री मोरारजी देसाई ने 10 बार और पी चिदंबरम ने नौ बार बजट पेश किया, लेकिन दोनों नेताओं ने ही अलग-अलग कार्यकाल में ऐसा किया है। इसलिए देश के इतिहास में यह पहली बार है जब कोई वित्तमंत्री लगातार नौवीं बार बजट पेश करेगा।

इस बार सभी की नजर बहु प्रतीक्षित सीमा शुल्क सुधारों पर है। सीतारमण ने साल 2019 में अपने पहले केंद्रीय बजट में दशकों से चले आ रहे चमड़े के ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े में लिपटे पारंपरिक 'बही-खाता' का अनुकरण किया था। पिछले चार वर्ष की तरह इस साल का बजट भी कागज रहित पेश किया जाएगा।

सीतारमण ऐसे समय में बजट पेश करने जा रही हैं, जब भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आगामी दो वर्षों में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। वहीं, कई गंभीर आर्थिक चुनौतियां भी सरकार के सामने खड़ी हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement