गुवाहाटी, 02 फरवरी । असम सरकार जल्द ही विभिन्न विभागों में करीब पांच हजार नई नियुक्तियां करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा सोमवार को सोनापुर में शिक्षा विभाग के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इनमें से लगभग चार हजार पद प्राथमिक शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे, जबकि शेष नियुक्तियां लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), कृषि विभाग सहित अन्य विभागों में की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया फरवरी माह में ही पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 27 फरवरी के भीतर एक और बड़ी नियुक्ति प्रक्रिया की घोषणा की जा सकती है। उच्च शिक्षा के लिए मजबूत आधार तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री ने 61 विद्यालयों के नए अत्याधुनिक भवनों का उद्घाटन किया तथा 67 अन्य विद्यालयों के नए भवनों की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक असम के प्रत्येक विद्यालय के भवन को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 1300 स्कूलों में नए भवन निर्माण का कार्य इसी बीच शुरू किया जा चुका है।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कचुतली में नए बटालियन कैंप की स्थापना की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और फरवरी में इस परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी।
