फतेहाबाद, 03 फरवरी । जिले के शहर रतिया में बाइक सवार युवकों द्वारा एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार से तीन सोने की अंगूठियां छीनने का समाचार है। इस बारे पीडि़त दुकानदार द्वारा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दुकानदार का कहना है कि बाइक पर आए चार अज्ञात युवक उसे बातों में उसे बातों में उलझाकर अपने साथ ले गए और मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
मंगलवार को पुलिस को दी शिकायत में अग्रवाल कॉलोनी के बृजमोहन ने बताया कि उनकी शहर के भगत सिंह चौक के पास इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। दोपहर को करीब सवा एक बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवक उसकी दुकान के बाहर आए और उनसे बातें करने लगे। दुकानदार ने कहा कि इन युवकों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और किसी का पता पूछना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने बृजमोहन को अपनी बाइक पर बैठा लिया और उसे टोहाना रोड पर जीवन डेयरी के पास ले गए।
वहां उन्होंने बृजमोहन के साथ मारपीट की और उनके हाथ में पहनी तीन सोने की अंगूठियां छीनकर फरार हो गए। बृजमोहन ने जब उनका विरोध किया, तो युवकों ने उन्हें धक्का दिया और बुरी तरह पिटाई की। बाद में दुकानदार ने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दुकानदार के साथ हुई लूटपाट की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है।
