देहरादून, 03 फरवरी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 फरवरी को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रवास पर रहेंगे। वो संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की शृंखला में देहरादून में विभिन्न आयोजनों में सहभागिता करेंगे।
सरसंघचालक के प्रवास के मद्देनजर 22 फरवरी को प्रबुद्ध जन सम्मेलन और 23 फरवरी को पूर्व सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संघ प्रमुख ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ और पूर्व सैनिक सम्मेलन कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में सामाजिक, शैक्षिक एवं वैचारिक विषयों पर मार्गदर्शन दिए जाने की संभावना है। सरसंघचालक के प्रस्तावित दौरे को लेकर संघ संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
उत्तराखंड प्रांत के प्रचार प्रमुख संजय कुमार ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सरसंघचालक एवं सरकार्यवाह देश के विभिन्न हिस्सों में प्रमुख जनों से संवाद के लिए प्रवास कर रहे हैं। इसी क्रम में डॉ. मोहन भागवत का देहरादून प्रवास निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह दौरा संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
