धमतरी, 03 फ़रवरी । भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने मंगलवार को शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय, धमतरी का निरीक्षण किया।
वार्षिक उत्सव में शामिल होने के उपरांत उन्होंने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कर शैक्षणिक, अधोसंरचनात्मक एवं छात्राओं से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा महाविद्यालय प्रशासन की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने सभी आवश्यक कार्यों को शासन से शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान रंजना साहू ने कहा कि कन्या महाविद्यालय को सर्वसुविधायुक्त बनाना प्राथमिकता है, ताकि बेटियों की उच्च शिक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे। प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से अध्ययन के लिए आने वाली छात्राओं के लिए शीघ्र ही सौ बिस्तरों का सर्वसुविधायुक्त छात्रावास तैयार किया जाएगा, जिससे उन्हें आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में शीघ्र ही नए विषय प्रारंभ किए जाएंगे, जिनमें एमएससी जूलॉजी, एमएससी बॉटनी एवं एमकॉम शामिल हैं। इसके साथ ही छात्राओं के शारीरिक एवं खेल कौशल के विकास के लिए एक आधुनिक स्पोर्ट्स ग्राउंड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे बालिकाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें। रंजना साहू ने कहा कि उद्देश्य यह है कि धमतरी की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ एक सकारात्मक, सुरक्षित एवं प्रेरक वातावरण मिले, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, दमयंती साहू, जागेश्वरी साहू, विजय साहू, अशोक सिन्हा, ईश्वर सोनकर, उमेश साहू, अनिता यादव, विनय जैन, लोकेश टंडन, आयुश दीवान, मिश्री पटेल एवं फलेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
