एमएसडब्ल्यू छात्राओं ने प्रशांति वृद्धाश्रम का किया शैक्षणिक भ्रमण, बुजुर्गों की सेवा-पद्धति से हुईं परिचित | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

एमएसडब्ल्यू छात्राओं ने प्रशांति वृद्धाश्रम का किया शैक्षणिक भ्रमण, बुजुर्गों की सेवा-पद्धति से हुईं परिचित

Date : 24-Apr-2026

 कोरबा, 24 अप्रैल। समाज के वंचित और पीड़ित वर्ग की संवेदनाओं को समझते हुए सेवा की भावना विकसित करना समाज कार्य का मूल आधार है। इसी उद्देश्य को आत्मसात करने के लिए आज शुक्रवार को कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा की एमएसडब्ल्यू (मास्टर ऑफ सोशल वर्क) छात्राओं ने नवदृष्टि समाजसेवी संस्था द्वारा संचालित प्रशांति वृद्धाश्रम का शैक्षणिक भ्रमण किया।

हसदेव तट स्थित मां सर्वमंगला मंदिर के समीप संचालित इस आश्रम में छात्राओं ने एक दिन बिताकर वहां रह रहे बेसहारा बुजुर्गों और उनकी सेवा में लगे स्वयंसेवकों के कार्यों को करीब से समझा। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों की देखभाल, उनके आहार, स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने की विधियों के साथ-साथ सेवा कार्य की व्यवहारिक बारीकियों का अध्ययन किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बताया कि समाज कार्य में सफल करियर के लिए सामाजिक गतिविधियों की कार्यप्रणाली और प्रबंधन की समझ आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से जिले में संचालित सामाजिक सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।

प्रशांति वृद्धाश्रम का संचालन कर रही नवदृष्टि संस्था के प्रमुख, वरिष्ठ पत्रकार एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त सादिक शेख ने छात्राओं को आश्रम की कार्यप्रणाली एवं सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।

यह भ्रमण कार्यक्रम महाविद्यालय के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विमला सिंह, कविता पटेल एवं विकास पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। छात्राओं ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक योगदान का व्यावहारिक अध्ययन करते हुए सेवा के प्रति अपनी समझ को और मजबूत किया।

भ्रमण के दौरान एमएसडब्ल्यू द्वितीय सेमेस्टर की छात्राएं—गौरी नेताम, मुस्कान राजपूत, करुणा लहरे, पूजा केंवट, धारणा केंवट एवं विनीता नायक उपस्थित रहीं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement