मारकंडा पुल पर ट्राला फंसा, देहरादून-चंडीगढ़ हाईवे पर लंबा जाम, क्रेन से खुला हाईवे | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।" — स्टीव जॉब्स

National

मारकंडा पुल पर ट्राला फंसा, देहरादून-चंडीगढ़ हाईवे पर लंबा जाम, क्रेन से खुला हाईवे

Date : 19-May-2026

 नाहन, 19 मई । देहरादून-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भारी ट्राले के बीच सड़क पर फंस जाने के कारण कई घंटों तक महाजाम लग गया। जाम दोसड़का से लेकर मारकंडा पुल के बीच चढ़ाई वाले हिस्से में सुबह करीब 8:30 बजे लगा। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, जिससे देहरादून से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से देहरादून आने-जाने वाला ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया।

इस जाम का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों पर पड़ा। सुबह का समय होने के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल जाने के लिए बस स्टॉप पर पहुंचे थे, लेकिन हाईवे पूरी तरह चोक होने की वजह से स्कूल बसें मौके पर नहीं पहुंच सकीं। स्थिति को देखते हुए एक निजी स्कूल प्रबंधन को आज छुट्टी तक घोषित करनी पड़ी। नाहन आने वाले विद्यार्थियों, नन्हे बच्चों और उनके अभिभावकों को भारी परेशानी के बीच घंटों सड़क पर ही वक्त काटना पड़ा।

हादसे और जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10:30 बजे एक बड़ी क्रेन की मदद से फंसे हुए ट्राले को बीच सड़क से हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने सूझबूझ से दोनों तरफ का ट्रैफिक वन-वे करके धीरे-धीरे जाम खुलवाया और यातायात को सुचारू किया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संकरे और चढ़ाई वाले पैच पर भारी वाहनों के कारण लगातार दिक्कतें आ रही हैं। अभी दो दिन पहले ही इसी हाईवे पर उतराई के दौरान आलू से लदे एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो गाड़ी पर पलट गया था। लगातार हो रहे इन हादसों और जाम से नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement