हरिद्वार, 27 मई। विश्व हिन्दू परिषद के तत्वावधान में साध्वी संगोष्ठी का आयोजन श्री कृष्ण निवास आश्रम सन्यास रोड कनखल में हुआ। इस संगोष्ठी में संपूर्ण भारत से महिला संत सम्मिलित हुईं हैं।
संगोष्ठी का उद्घाटन विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे, महामंडलेश्वर स्वामी साध्वी मैत्रेय गिरी महाराज, साध्वी विभानंद गिरी महाराज, साध्वी दिव्यचेतना महाराज, श्रीमहंत साध्वी डा।प्रज्ञा भारती, साध्वी गार्गी चेतन्या, साध्वी गंगानाथ ने संयुक्त रूप से किया।
संगोष्ठी में विषय प्रस्तावना रखते हुए विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि वर्तमान समय में भारत और हिन्दू समाज पर अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्रों के आधार पर चौतरफा हमले हो रहे हैं। भारत ने अपनी सनातन संस्कृति, धर्म और समाज सदैव रक्षा की हैं। देश और धर्म की रक्षा के लिए हमारे महान पूर्वजों ने अध्यात्म, नैतिक, जीवन मूल्यों की रक्षा हेतु त्याग और संघर्ष किया है। आज जीवन मूल्यों को लेकर हम जीवित हैं, उन पर आघात हो रहें हैं। परिवार, कुटुंब और वैवाहिक व्यवस्थाओं को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विदेशी षडयंत्रों की टूल किट के माध्यम से समाज में समलैंगिकता, लिव इन रिलेशनशिप जैसे घृणित विषय स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। देश के सीमावर्ती राज्य, वनवासी, आदिवासी, वंचित, पिछड़े क्षेत्रों में धर्मांतरण भीषण गति से चल रहा हैं।
परांडे ने महिला संतों से आग्रह किया कि अपने कार्यक्षेत्रों में सघन संपर्क और प्रवास करें। हिन्दुओं को धर्म आस्था से जोड़ने की आवश्यकता हैं। हिन्दुओं में पलायन नहीं पराक्रम का भाव भरने की आवश्यकता हैं। वर्तमान समय में हिन्दुओं में शौर्य पराक्रम का जागरण, परिवारों में संस्कार देना, परिवार प्रबोधन, कुटुंब प्रबोधन, समाज प्रबोधन करने में महिला संतों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती हैं।
साध्वी प्रज्ञा भारती ने कहा कि धर्म पर हो रहें आघात का प्रतिकार संत समाज को करना चाहिए, क्योंकि हिन्दू समाज आज संस्कारों के अभाव में निरीह प्राणी के समान है। महामंडलेश्वर स्वामी साध्वी मैत्रेय गिरी महाराज ने कहा कि सत्संग, कथा, जागरण के माध्यम से हमें समाज का प्रबोधन करना चाहिए।
विश्व हिन्दू परिषद की साध्वी संगोष्ठी में साध्वी राजेश्वरी गुजरात, साध्वी राधिका जबलपुर, साध्वी शोभा रामपुर, साध्वी प्रियाशरण जोधपुर, साध्वी शिरोमणि हरिद्वार, साध्वी चंद्रकला छत्तीसगढ़, साध्वी कल्याणी बंगाल, साध्वी जागृति चेतना, साध्वी ज्योतिर्मय, साध्वी साधना महाराष्ट्र, साध्वी सत्यनिष्ठा राजस्थान, साध्वी निर्मला सतना के साथ अनेक महिला संत साध्वियों ने उक्त विषय पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। विश्व हिन्दू परिषद की साध्वी संगोष्ठी के आयोजन में विश्व हिन्दू परिषद की केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी ताई, प्रज्ञा महिला राष्ट्रीय संयोजिका दुर्गावाहिनी, सरोज सोनी राष्ट्रीय सहसंयोजिका मातृशक्ति, विमला शुक्ला क्षेत्रीय संयोजिका मातृशक्ति, रीना शर्मा क्षेत्रीय संयोजिका दुर्गावाहिनी, संध्या कौशिक प्रांत उपाध्यक्ष विहिप उत्तराखण्ड, नीता कपूर प्रांत संयोजिका मातृशक्ति, नीलम त्रिपाठी प्रांत संयोजिका दुर्गावाहिनी सम्मिलित रहीं।
