Quote :

शब्द विचारी जो चले, गुरुमुख होय निहाल | काम क्रोध व्यापै नहीं, कबूँ न ग्रासै काल ||

Travel & Culture

राजस्थान के ये 5 पर्यटन स्थल, मॉनसून के मौसम में हो जाता है और भी खूबसूरत

Date : 25-Jun-2024

 

राजस्थान में कुछ ऐसी खूबसूरत जगहें हैं जहां मॉनसून में मौसम और भी खुशनुमा हो जाता है। आइए राजस्थान की कुछ ऐसी ही 5 जगहों के बारे में जानते हैं जहां हर किसी को मॉनसून में एक बार जरूर जाना चाहिए।

आमेर फोर्ट
गुलाबी नगर  जयपुर केवल सिटी पैलेस ही नहीं बल्कि कई जगहों के लिए जाना जाता है। इसमें आमेर फोर्ट भी शामिल है। यह खूबसूरत किला गुलाबी और पीले बलुआ पत्थर से बना हुआ है। इसे  जयपुर का ताज माना जाता है और यहां प्रतिदिन लगभग 5,000 पर्यटक इसे देखने आते हैं। इसे अपनी शाही सुंदरता के लिए यूनेस्को की ओर से विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। आमेर किले में विशाल रंगीन दीवारें और बहुत सारे खूबसूरत प्रवेश द्वार हैं, जो इसकी सुंदरता को बढ़ाते हैं।
 
जल महल
क्या आपने कभी पानी के अंदर बने महल को देखा है, अगर नहीं तो चले आइए जयपुर। यहां है जल महल, जो कि चारों ओर से पानी से घिरा है। शाम के समय यहां पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ जमा हो जाती है। अब तो ये जगह प्री वेडिंग शूट के लिए फेमस हो चुकी है। यहां आकर कोई भी पर्यटक बिना फोटो खिंचवाए नहीं जाता है। हिलोरे मारता पानी और सूर्य किरणों की चमक इस महल की खूबसूरती पर चार चांद लगाती है। खाने के शौकीनों के लिए भी यहां कई दुकानें हैं। इसके साथ ही यहां आपको घर को सजाने के लिए अच्छी चीजें भी मिल सकती हैं।
 
नाहरगढ़ फोर्ट
अरावली पहाड़ियों के खूबसूरत नजारों के बीच बसा है नाहरगढ़ किला, जो कि  जयपुर शहर में काफी ज्यादा प्रसिद्ध है। अगर आप  जयपुर घूमने आते हैं तो आपको अपनी लिस्ट में इस जगह को जरूर शामिल करना चाहिए। अल सुबह यहां का नजारा बेहद खूबसूरत होता है। ट्रेकिंग के दीवानों के लिए ये जगह जन्नत है। यहां से आप उगते हुए सूरज की लालिमा को भी देख सकते हैं। इसके साथ ही यहां संग्रहालय और शीशमहल भी स्थित है।
 
जयगढ़ फोर्ट
जयगढ़ किला राजस्थान की अरावली पर्वतों में है। इसे 1726 में राजा जय सिंह ने आमेर किले को मजबूत करने के लिए बनवाया था। इसके ऊपर से आप आमेर किले का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं। यह राजस्थान में घूमने के लिए बहुत प्रसिद्ध जगहों में से एक है। इस किले के अंदर दुनिया की सबसे बड़ी जयबाण तोप है। तोप की बैरल की लंबाई 6.15 मीटर (20.2 फीट) है और इसका वजन 50 टन है। महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने इसे आमेर किले की सुरक्षा के लिए बनवाया था। एशिया की सबसे बड़ी तोप से विख्यात इस तोप से दागा गया गोला 30 किलोमीटर दूर जाकर गिरा था। यह गोला जहां गिरा वहां तालाब बन गया था।
 
नीमराना फोर्ट
नीमराना फोर्ट पैलेस, जो 15वीं सदी में बनाया गया था, अब एक शानदार विरासत होटल में बदल गया है। इसके चारों ओर जंगल का खूबसूरत नजारा दिखता है। यह जगह शहर के शोर-गुल से थोड़ा दूर है। अगर आप शांति और नेचर को पसंद करते हैं, जो यह जगह सिर्फ आपके लिए है। इस पैलेस की खासियत ये है कि यहां आप ओपन स्विमिंग पूल के साथ आयुर्वेदिक स्पा का भी लुत्फ उठा सकते हैं। नीमराना राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले में स्थित एक ऐतिहासिक शहर है। साल 1986 में इस किले को एक लग्जरी हेरिटेज होटल में तब्दील कर दिया गया था। अब इस होटल में 10 मंजिलों को मिलाकर कुल 50 कमरे हैं।
 

 

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement