प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तीन साल पूर्ण होने पर आज इंदौर में कार्यक्रम | The Voice TV

Quote :

"आप जिस दिन बुरे विचारों के ऊपर अपने अच्छे विचारों को रख देंगे, उस दिन जिंदगी खुद-ब-खुद और बेहतरीन हो जाएगी।"

National

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तीन साल पूर्ण होने पर आज इंदौर में कार्यक्रम

Date : 15-Sep-2023

 इंदौर, 15 सितंबर। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाय) के क्रियान्वयन के सफलतम तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज (शुक्रवार को) मत्स्य पालन विभाग भारत सरकार द्वारा इंदौर आज बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केन्द्रीय मत्स्य पालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, केन्द्रीय मत्स्य पालन राज्य मंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान व डॉ. एल. मुरुगन तथा मप्र के मत्स्य पालन मंत्री तुलसीराम सिलावट शामिल होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने बताया कि इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में केन्द्र सरकार के सचिव मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय डॉ. अभिलक्ष लिखी (आईएएस), केन्द्र सरकार के संयुक्त सचिव सागर मेहरा तथा नीतू प्रसाद शामिल होंगे। इसी तरह एनएफडीबी के मुख्य कार्यकारी डॉ. एल. नरसिम्हा मूर्ति और उप महानिदेशक (मत्स्य) आईसीएआर डॉ. जेके जेना आदि भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी) हैदराबाद के समन्वय से हो रहा है। यह कार्यक्रम मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र के मछुआरों, मछली किसानों, उद्यमियों, अन्य हितधारकों, सरकारी अधिकारियों और उत्साही प्रतिभागियों को एक साथ लाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पीएमएमएसवाई की उपलब्धियों और भारत सरकार के मत्स्य पालन विभाग द्वारा कार्यान्वित विभिन्न अन्य योजनाओं को प्रदर्शित करना है। इस कार्यक्रम में भारत में मत्स्य पालन क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार के पिछले नौ वर्षों के योगदान और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में मत्स्य पालन तथा मत्स्य विकास के क्षेत्र में किये गये कार्यों और नवाचारों तथा प्रमुख गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी। प्रदर्शनी में स्टार्टअप, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, मछली एफपीओ और मछली सहकारी समितियों द्वारा प्रदर्शित मत्स्य पालन क्षेत्र के नवाचारों, पहलों और प्रगति की जानकारी रहेगी।

केन्द्रीय मत्स्य पालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला उत्पादन और उत्पादकता वृद्धि, फसल कटाई के बाद के बुनियादी ढांचे और अन्य मूल्य श्रृंखला वृद्धि हस्तक्षेपों से संबंधित पीएमएमएसवाई के तहत अनुमोदित विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।


 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement