घमंडिया गठबंधन वाले बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं : नरेन्द्र मोदी | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

घमंडिया गठबंधन वाले बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं : नरेन्द्र मोदी

Date : 04-Apr-2024

 नई दिल्ली, 04 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन वाले बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस के शासन मॉडल के कारण बिहार में जंगल राज और नक्सलवाद चरम पर रहा है, जिससे दशकों तक राज्य का विकास रुका रहा।



लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के जमुई में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “जमुई का मूड बिहार में एनडीए के पक्ष में सभी 40 सीटों के साथ अब की बार 400 पार को प्रतिबिंबित करता है।” उन्होंने बिहार के कल्याण और इसके विकास के लिए समर्पित स्वर्गीय राम विलास पासवान के योगदान के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान को अपना छोटा भाई बताते हुए मोदी ने कहा, “मुझे संतोष है कि रामविलास के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।”



बिहार के लोगों को होने वाले घोर अभाव पर बोलते हुए, मोदी ने कहा कि बिहार की 5-6 से अधिक पीढ़ियों को इंडी गठबंधन के तहत घोर अभाव और अविकसितता का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने कभी भी बिहार के लोगों की क्षमता और प्रतिभा को सशक्त नहीं बनाया। मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में, बिहार ने सभी स्तरों पर सुधार देखा है और इसे जारी रखने के लिए, बिहार के लोगों को अपने समृद्ध भविष्य को ध्यान में रखते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में हमें वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, “आपको विकसित बिहार और विकसित भारत के लिए एन.डी.ए. को वोट देना चाहिए।”



बिहार और भारत दोनों की भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में जो हुआ वो तो ट्रेलर है, अभी तो बहुत कुछ करना है। अभी तो हमें देश को, बिहार को बहुत आगे लेकर जाना है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर परोक्ष हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जो लोग पहले एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे, वे अब मोदी के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ।”



प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोग राम मंदिर के विरोध के पीछे राजद-कांग्रेस के इरादों को कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस-राजद बिहार के आदिवासियों और दलितों सहित वंचितों के अधिकारों के खिलाफ है। मोदी ने कहा कि एन.डी.ए. बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विश्वास व्यक्त किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार सर्वसम्मति से भाजपा को वोट देगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement