भाजपा पर भड़की प्रियंका, बोलीं- मोदी सरकार ने कारखानों को बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिया | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

भाजपा पर भड़की प्रियंका, बोलीं- मोदी सरकार ने कारखानों को बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिया

Date : 13-Apr-2024

 हरिद्वार, 13 अप्रैल । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को हरिद्वार के रुड़की में मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने कारखानों को बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिया है। जो रोजगार के अवसर थे, वह उनके खास उद्योगपतियों के पास चले गए। छोटे और मध्यम रोजगारों पर नोटबंदी थोप दी गई। लोगों को लाइनों में खड़ा किया गया। वे आज तक नहीं बता पाए कि काला धन कहां है?

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका आज रुड़की के केएलडीएवी कालेज के मैदान पर कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र रावत के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि जब काम का समय होता है तो हिसाब लेने का भी समय होता है। यह हम सभी को समझना चाहिए। देश को बनाने वाले आप लोग हैं, जिसे आप चुनने वाले हैं ,उसे सोच समझ कर चुनिए। यह चुनाव आपका भविष्य तय करने जा रहा है। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इसम सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।


प्रियंका ने कहा कि आप अपने मुद्दों को सर्वोपरि रखें। उन्होंने जनता से पूछा कि आज का सबसे बड़ा मुद्दा क्या है? बेरोजगारी का या महंगाई। प्रियंका ने कहा कि आज देश में सबसे ज्यादा महंगाई की मार है। नोटबंदी का नुकसान देश के लोगों को झेलना पड़ा। छोटे रोजगार करने वाले दुकानदारों को खत्म कर दिया गया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनकी नीति रोजगार घटाने वाली है। वे आज तक कोई नीति नहीं दे पाए कि रोजगार कैसे बढ़ाएंगे। कांग्रेस की सरकार जिन प्रदेशों में आई हमने गारंटी दी। वहां पर सरकारी पदों पर नौकरी दी जाएगी।

उन्होंने कहाकि चुनाव में हमने कुछ ऐसी घोषणा की हैं, जिन्हें हम पूरी करके दिखाएंगे। इसीलिए हमने इसे गारंटी का नाम दिया है। हमने जिन प्रदेशों में सरकार बनाई है, उससे पहले हमने गारंटी दी थी उन जगहों पर हमने गारंटी के साथ प्रदेशों में ओपीएस लागू करना शुरू कर दिया है।


उन्होंने कहा कि पलायन को रोकने के लिए उत्तराखंड में पर्यटन, जमीन के कानून कड़े किये जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपतियों के फायदे के लिए भाजपा कानून बनाती है। हम चाहते हैं कि कृषि के लिए एक आयोग बने। किसानों की कृषि आयात-निर्यात की एक नीति बनाई जाए, जिससे किसानों का फायदा हो। अगर आपने सही निर्णय नहीं लिया तो पिछले 10 साल की तरह आपको 5 साल फिर संघर्ष करना पड़ेगा।


पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भारत के लोकतंत्र को बचाना एक बड़ी चुनौती है। देश की जो मूल मान्यताएं हैं जो देश की आजादी के लिए बनाई गई थीं, उन्हें बचाने की चुनौती है। भारत की मर्यादा जो संविधान के रूप में है, उसे बचाने की चुनौती है। बाबा साहब आम्बेडकर का संविधान खतरे में है। देश का आरक्षण खतरे में है, सब कुछ खतरे में है।


कांग्रेस के हरिद्वार लोकसभा उम्मीदवार वीरेंद्र रावत ने कहा कि कांग्रेस की जो लहर पूरे देश में चल रही है। उसे आज पूरा कांग्रेस की ओर देश देख रहा है। आज लोग महंगाई से परेशान हैं। लोगों को नौकरियां नहीं मिल पा रही हैं। आज देश की जनता कह रही है कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन। डबल इंजन की सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। आज का युवा परेशान है। राहुल गांधी ने वादा किया है कि हमारी सरकार आती है तो हम लाखों लोगों को रोजगार देने का काम करेंगे। महिलाओं को सुरक्षा देने का काम करेंगे।


इस अवसर पर विधायक ममता राकेश, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, पूर्व महापौर रुड़की यशपाल राणा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement