भारत जोड़ो यात्रा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगने का आरोप, भाजपा हमलावर | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

भारत जोड़ो यात्रा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगने का आरोप, भाजपा हमलावर

Date : 25-Nov-2022

 - कांग्रेस ने बताया षड्यंत्र, कानूनी कार्रवाई की कही बात

भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का मध्य प्रदेश में शुक्रवार को तीसरा दिन है। यह यात्रा तीसरे दिन खरगोन जिले में है। इसी बीच भाजपा ने आरोप लगाया है कि यात्रा के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए हैं। इसको लेकर भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर है तो कांग्रेस ने इसे षड्यंत्र बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को ट्वीट पर यात्रा का एक वीडियो पोस्ट किया है, साथ ही लिखा है कि बेहद शर्मनाक! खरगोन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सरेआम “पाकिस्तान जिन्दाबाद” के नारे से कांग्रेस की देश तोड़ने की मानसिकता फिर से उजागर हुई है। यह बार-बार साबित हो रहा है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। इस निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी को देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट के माध्यम से कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

मप्र भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने भी वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, भारत जोड़ो यात्रा में खुलेआम पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगा। इसे कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल से ट्वीट किया गया, बाद में हटाया गया, लेकिन सच्चाई तो सामने आ गई कि कांग्रेस के दिल में क्या है।’

हालांकि, वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्टीकरण दिया है। पार्टी के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, 'अत्यधिक सफल #भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने के लिए भाजपा के डर्टी ट्रिक्स विभाग द्वारा संपादित एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। हम तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।'

इधर, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता केके मिश्रा ने भाजपा के आरोप का खंडन करते हुए कहा कि हमने यात्रा में ऐसा कोई नारा नहीं सुना। राहुल गांधी के समर्थन में हजारों लोग उमड़ रहे हैं, यह देखकर भाजपा बौखला गई है। उन्होंने उल्टा आरोप लगाया कि साजिशन किसी संघ और भाजपा की विचारधारा के आदमी को रैली में इसके लिए भेजा गया होगा। मिश्रा ने ट्वीट किया है कि 'भारत तोड़ो की जनक कुत्सित भाजपाई विचारधारा राहुल गांधी की यात्रा से घबराई...कूटरचित वीडियो का इस्तेमाल कर इसे बदनाम करने का कुप्रयास किया। भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी। ऐसे हीन हथकंडे हमारे अडिग उद्देश्यों को हिला नहीं पाएंगे।'

भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी की उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत मप्र कांग्रेस के सभी बड़े नेता चल रहे हैं। यात्रा की शुरुआत सुबह 6 बजे खरगोन जिले के ग्राम खेरदा से हुई और लगातार आगे बढ़ रही है। यात्रा का जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ता मंच के माध्यम से भव्य स्वागत कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/मुकेश


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement