राहुल गांधी बताएं, उन्हें चीन से इतना प्रेम क्यों है?: विष्णुदत्त शर्मा | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

राहुल गांधी बताएं, उन्हें चीन से इतना प्रेम क्यों है?: विष्णुदत्त शर्मा

Date : 29-Nov-2022

 भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। राहुल गांधी ने रविवार को इंदौर की सभा में कहा था कि चीन की सेना से ज्यादा खतरा जीएसटी और नोटबंदी कानून से है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि आप को चीन से इतना प्रेम क्यों है? 

यह बात भाजपा के प्रदेश विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात नहीं है कि चीन और राहुल गांधी का पुराना नाता रहा है। उनकी पुरानी दोस्ती रही है और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जब वाणिज्य कर मंत्री थे, तब उन्होंने राजीव गांधी फाउंडेशन को लाभ दिलाने के लिए चीन की जो मदद की थी, जिसको देश ने देखा है।

संसद और कानून का मखौल उड़ाना पुरानी आदत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी एक दिन पहले संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर की जन्मभूमि से लौटकर आते हैं और संवैधानिक प्रक्रिया से संसद के द्वारा बनाए गए जीएसटी जैसे कानून का मखौल उड़ाते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान, कानून और संवैधानिक संस्थाओं का मखौल उड़ाना उनकी पुरानी आदत रही है। उन्हीं की सरकार में प्रधानमंत्री रहे डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल में राहुल गांधी ने संसद द्वारा पारित बिल को संसद में फाड़कर फेंक दिया था। एक सांसद का इस प्रकार आचरण असामान्य है।

यह भारत जोड़ो नहीं, भारत तोड़ो यात्रा है

शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा भारत जोड़ो नहीं, भारत तोड़ो यात्रा है। इसी यात्रा में कांग्रेस के लोग पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इसकी जांच होगी। 

उन्होंने कहा कि सारी दुनिया जानती है कि अलकायदा आतंकवाद का चेहरा है। लेकिन राहुल गांधी कहते हैं कि अलकायदा से ज्यादा खतरा आरएसएस से है। यह उनका चरित्र रहा है। मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या यह यात्रा मजाक नहीं बन गई है ? यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हैं और कांग्रेस उस वीडियो को ट्वीट करती है। 

शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस धार्मिक उन्माद फैलाने का काम कर रही है और इसीलिए भाजपा ने उनके खिलाफ एफआईआर भी करवाई है। इंदौर में राहुल गांधी की यात्रा बड़ा गणपति से प्रारंभ होने वाली थी, परंतु राहुल गांधी वहां गाड़ी से नहीं उतरे। उनका यह व्यवहार हिंदू देवी-देवताओं के प्रति उनकी भावनाओं को प्रदर्शित करता है।

राहुल का बयान देश की सुरक्षा और स्वाभिमान पर आघात

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि चाइना से हमें खतरा नहीं है। राहुल गांधी से यह देश जानना चाहता है कि इस तरह का गैर जिम्मेदाराना बयान एक राजनीतिक दल के प्रमुख व्यक्ति के द्वारा दिया जाना क्या देश के लिए दुर्भाग्यजनक नहीं है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश की सुरक्षा और स्वाभिमान पर आघात किया है, मैं इसकी कड़ी आलोचना करता हूं। कांग्रेस का नेतृत्व जिस प्रकार चीन के साथ गलबहियां करता है वह देश जानता है, लेकिन यात्रा में इस प्रकार का बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। देश की जनता राहुल गांधी और सोनिया गांधी से इसका जवाब मांगेगी।

कांग्रेस ने छीना था गरीबों का हक, भाजपा सरकार ने लौटाया

शर्मा ने कहा कि 2018 में राहुल गांधी जब मध्यप्रदेश में आए थे तो उन्होंने कहा था कि हम किसानों का कर्जा माफ कर देंगे और बेरोजगारों को भत्ता दिया जाएगा। झूठ, भ्रम और छल कपट के आधार पर कांग्रेस की सरकार बनी जिसने 15 महीने के अंदर दुरावस्था में धकेल दिया। कमलनाथ की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी रही। दिग्विजय सिंह के इशारे पर चल रही इस सरकार के बारे में उस सरकार के वरिष्ठ मंत्री गोविंद सिंह ने कहा था कि पैसा ऊपर तक जाता है और यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। ऐसे समय में मध्यप्रदेश को बचाने के लिए कांग्रेस के ही कुछ लोग आए और भाजपा की सरकार बनी। कांग्रेस की उस सरकार ने मध्यप्रदेश में गरीबों के हक को छीना था, जिसे लौटाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement