सीमा विवाद : महाराष्ट्र सरकार ने कर्नाटक के लिए बस सेवाएं निलंबित की | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

सीमा विवाद : महाराष्ट्र सरकार ने कर्नाटक के लिए बस सेवाएं निलंबित की

Date : 07-Dec-2022

 उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना और राकांपा कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक बैंक के बोर्ड पर स्याही पोती 

मुंबई, 07 दिसंबर (हि.स.)। सीमा विवाद पर कर्नाटक के सीएम के भड़काऊ बयान के बाद बुधवार को मुंबई और नासिक में कर्नाटक बैंक के बोर्ड पर स्याही पोती गई। सीमा विवाद के बीच पुलिस के फ्लैग सुरक्षा अलर्ट के बाद महाराष्ट्र सरकार ने कर्नाटक के लिए बस सेवाएं निलंबित कर दी हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

राज्य परिवहन विभाग ने पुष्टि की कि बस सेवाएं निलंबित करने का फैसला पुलिस विभाग के सुरक्षा अलर्ट के बाद लिया गया गया है। पुलिस के मुताबिक सीमा विवाद से संबंधित आंदोलन के दौरान कर्नाटक के अंदर महाराष्ट्र की बसों पर हमला किया जा सकता है। यात्रियों और बसों की सुरक्षा के बारे में पुलिस से मंजूरी मिलने के बाद सेवाओं को फिर से शुरू करने का फैसला किया जाएगा। इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बात करने के लिए कहा था। 

सीमा विवाद के संबंध में मंगलवार को देर रात महाराष्ट्र और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों ने चर्चा की और सीमावर्ती इलाके में शांति स्थापित करने के लिए सहमत होने के बाद दोनों राज्यों की बस सेवा शुरू कर दी गई थी। इसके बाद कर्नाटक के सीएम ने फिर से ट्विट कर कहा कि सीमा विवाद में वे किसी भी तरह पीछे नहीं हटेंगे और सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई जारी रहेगी। इससे महाराष्ट्र में फिर से माहौल गरमा गया। 

नासिक में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक बैंक के बोर्ड पर स्याही पोत दी। इसके बाद पुलिस ने इन सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद कानूनी कार्रवाई करके छोड़ दिया। इसी तरह मुंबई के पवई इलाके में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक बैंक के बोर्ड पर स्याही पोत दी है। पुलिस ने राकांपा कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लेने के बाद सभी को छोड़ दिया। इन घटनाओं के बाद दोनों राज्यों ने बस सेवा रोक दी गई है। महाराष्ट्र में सीमा विवाद को लेकर पुलिस सतर्क है और सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किये गए हैं।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement