डॉ. राजीव बिंदल दाेबारा बने हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

डॉ. राजीव बिंदल दाेबारा बने हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

Date : 01-Jul-2025

शिमला के पीटरहॉफ होटल में भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व 2025 के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रम में डॉ. राजीव बिंदल को हिमाचल प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. बिंदल को प्रमाणपत्र एवं पार्टी का झंडा देकर प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। इससे पहले साेमवार काे चुनाव अधिकारी के पास अध्यक्ष के लिए केवल डॉ. राजीव बिंदल ने ही नामांकन किया था।

प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण भारी तबाही को देखते हुए कार्यक्रम को साधारण रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का फैसला रसोईघर और डाइनिंग टेबल पर होता है, जबकि भाजपा में पूरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष का चयन किया जाता है। भाजपा में एक आम कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है, जो कांग्रेस में संभव नहीं है। उन्होंने डॉ. राजीव बिंदल के तीसरी बार अध्यक्ष बनने पर कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि उनमें वह नेतृत्व क्षमता है जो कार्यकर्ताओं को मजबूती देती है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भाजपा अब तीन पीढ़ियों के संघर्ष के बाद दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे जम्मू-कश्मीर से आते हैं, जहां भाजपा कभी मुख्यधारा में नहीं रही, लेकिन कार्यकर्ताओं ने लंबा संघर्ष कर पार्टी को शिखर पर पहुंचाया। भाजपा के नेता 50-60 वर्षों तक पार्टी में संघर्ष करते हैं, जबकि कांग्रेस नेता सत्ता से बाहर होते ही दूसरी पार्टी का दरवाजा खटखटाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्यों की भी घोषणा की गई, जिनमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सभी सांसद, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन शामिल हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ नेता गोविंद ठाकुर, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य, डॉ. राजीव सहजल और संजीव कटवाल को भी राष्ट्रीय परिषद सदस्य नियुक्त किया गया। केंद्रीय मंत्री ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सतपाल सत्ती, सुरेश भारद्वाज, चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव भारद्वाज, सांसद इंदु गोस्वामी एवं हर्ष महाजन सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

डॉ. राजीव बिंदल वर्तमान में भाजपा के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। उनका जन्म 12 जनवरी, 1955 को हुआ था और वह पांच बार विधायक रह चुके हैं। धूमल सरकार में वह स्वास्थ्य मंत्री थे, जबकि 2017 में भाजपा सरकार बनने पर उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया था। जनवरी, 2020 में उन्होंने पहली बार प्रदेश अध्यक्ष पद संभाला, लेकिन चार माह बाद पद छोड़ दिया था। अप्रैल, 2023 में उन्हें दोबारा पार्टी की कमान सौंपी गई। अब तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। वे 2022 में नाहन से विधानसभा चुनाव हार गए थे। अब वर्ष 2027 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव बिंदल के नेतृत्व में लड़े जाएंगे।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement