स्वामी विवेकानंद जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया नमन, युवाओं के विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला | The Voice TV

Quote :

"सकारात्मक सोच ही सफलता की पहली सीढ़ी है।"

National

स्वामी विवेकानंद जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया नमन, युवाओं के विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

Date : 12-Jan-2026

 भोपाल, 12 जनवरी । आज देशभर में महान संत, विचारक और युवाओं के शाश्वत प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। 12 जनवरी का यह दिन केवल भारत के युवाओं को आत्मबल, चरित्र और राष्ट्रसेवा का संदेश देने का अवसर है। इसी कारण स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए उनके विचारों को आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “युवाओं के प्रेरणापुंज, स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन एवं राष्ट्रीय युवा दिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा, दर्शन एवं चिंतन से विश्व कल्याण का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अनंत आंतरिक शक्ति का बोध कराते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान की प्रेरणा दी।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे स्वामी विवेकानंद के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम अर्पित करते हैं।

स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उनका मानना था कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था, “मुझे सौ ऊर्जावान, चरित्रवान और निडर युवक दे दो, मैं देश का भाग्य बदल दूंगा।” यह कथन आज भी युवाओं में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना जगाने का कार्य करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक अन्य पोस्ट के माध्यम से प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। उन्होंने लिखा कि, “हमारी सरकार सुशासन और स्वराज के लिए प्रतिबद्ध है। विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ हितग्राहियों को दिलाने हेतु प्रदेश में चार चरणों में आज, 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक ‘संकल्प से समाधान’ अभियान चलाया जाएगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शासन को जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement